कालपी की महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को विधायक ने भेंट की क्रिकेट किट


उरई। पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) जालौन के उपाध्यक्ष एवं कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कालपी की उभरती महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

वेद व्यास क्रिकेट अकादमी की प्रतिभाशाली खिलाड़ी इशिका और पूनम को खेल के प्रति उनकी लगन और समर्पण को देखते हुए क्रिकेट किट भेंट की गई।

इस अवसर पर डीसीए जालौन के संस्थापक श्याम बाबू एवं सचिव विकास कुमार शर्मा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और निरंतर अभ्यास ही उन्हें सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देना बेहद जरूरी है, ताकि वे आगे बढ़कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

उन्होंने बताया कि इन खिलाड़ियों में से एक का चयन जिला स्तर से कानपुर में आयोजित होने वाले जोनल ट्रायल के लिए हुआ है, जो जनपद के लिए गर्व की बात है। विधायक ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत और अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a comment