उरई। शिक्षक, लोकगायक, रंगकर्मी और समाजसेवी संजय दुबे उर्फ संजू दुबे हत्याकांड में नामजद आरोपी की अब तक गिरफ्तारी न होने से शिक्षक संगठनों में रोष बढ़ता जा रहा है। मामले को लेकर 3 मई को शाम 5 बजे उरई स्थित राज मंदिर सभागार में विभिन्न शिक्षक संगठनों की बैठक आयोजित की जाएगी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ चेतनारायण सिंह गुट के प्रदेश उपाध्यक्ष गिरेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले के एक दर्जन से अधिक शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों और वरिष्ठ शिक्षकों को बैठक के लिए आमंत्रित किया गया है। बैठक में आगे की रणनीति और आंदोलन को लेकर सर्वसम्मति से निर्णय लिया जाएगा।
बताया गया कि संजय दुबे के छोटे भाई एवं सनातन धर्म इंटर कॉलेज के प्रबंधक विवेक दुबे ने 29 मार्च 2026 को कोतवाली उरई में विवेक शुक्ला के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह का कहना है कि पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ होने के कारण गिरफ्तारी में कठिनाई आ रही है। उन्होंने दावा किया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उधर गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर शिक्षकों और सामाजिक संगठनों में नाराजगी बढ़ रही है। बैठक में माध्यमिक शिक्षक संघ के विभिन्न गुटों, प्राथमिक शिक्षक संघ, एससी-एसटी शिक्षक वेलफेयर संगठन, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, महिला शिक्षक संघ, यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन, अटेवा शिक्षक संघ, वित्तविहीन शिक्षक संघ और राजकीय शिक्षक संघ सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और शिक्षक नेता शामिल होंगे।






Leave a comment