औरैया की रोमांचक जीत, जालौन को 7 विकेट से हराया

उरई। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित अंडर-16 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट मैच में औरैया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जालौन को 7 विकेट से पराजित कर जीत दर्ज की। यह मुकाबला पुलिस लाइन ग्राउंड, उरई में खेला गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जालौन की टीम ने निर्धारित 45 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 204 रन बनाए। टीम की ओर से श्वेत गुब्रेल ने शानदार 71 रन की पारी खेली, जबकि अर्जुन द्विवेदी ने 50 रन का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सके। औरैया की ओर से सुमित सैनी और अभिराज सिंह ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी औरैया की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 39.2 ओवर में 3 विकेट खोकर 216 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से आदित्य ने शानदार 81 रन की पारी खेली, जबकि ऋषभ पाल ने 54 रन बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। जालौन की ओर से गेंदबाजी में अभिषेक सिंह ने 3 विकेट लिए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।

इस जीत के साथ औरैया टीम ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

मैच का शुभारंभ डीसीए जालौन के मुख्य संरक्षक एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे ने दोनों टीमों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डीसीए के संस्थापक एवं यूपीसीए के निदेशक श्याम बाबू ने जिलाधिकारी का स्वागत किया। इस दौरान डीसीए के उपाध्यक्ष सुरेश निरंजन भईया जी भी मौजूद रहे। साथ ही डीसीए सचिव विकास कुमार शर्मा, ओमवीर, अमित गर्ग, प्रशांत श्रीवास्तव, कमल सैनी, अनिल कुमार, सागर, रिक्की, आशीष उपस्थित रहे।

Leave a comment