उरई। शहर के नया शांति नगर स्थित बुन्देलखण्ड फन वॉटर पार्क में एक नाबालिग बच्चे के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के नया पाठकपुरा कोंच रोड निवासी पत्रकार अवनीश कुमार द्विवेदी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका नाबालिग पुत्र केशव कुमार 1 मई 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे झांसी रोड स्थित बुन्देलखण्ड फन वॉटर पार्क में नहाने गया था। आरोप है कि वहां मौजूद संतोष सोनी नामक व्यक्ति ने बच्चे को बेल्ट, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और पटक-पटक कर मारपीट की, जिससे उसके हाथ और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।

पीड़ित पिता का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने बेटे का प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद शाम करीब 2 बजे आरोपी संतोष सोनी अपनी पत्नी पूजा के साथ उनके घर पहुंचा और शिकायत करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में राम पचौरी, दलजीत सिंह और हसन नामक तीन अन्य लोगों के भी मौके पर मौजूद होने की बात कही गई है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के आदेश पर संतोष सोनी और उसकी पत्नी पूजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने वॉटर पार्क पहुंचकर जांच-पड़ताल की तथा आरोपियों के घर दबिश दी, लेकिन पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी दंपती मौके से फरार हो गए।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a comment