सड़क हादसों पर सख्त हुए डीएम, टोल प्लाजा से लेकर स्कूलों तक चलेंगे सुरक्षा अभियान

उरई। जनपद में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सड़क सुरक्षा को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में हाल ही में जोल्हूपुर के पास हुई भीषण सड़क दुर्घटना का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि चालक को नींद आने के कारण हुआ यह हादसा अत्यंत गंभीर था। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के लिए एसडीएम, सीओ, एआरटीओ, पीडब्ल्यूडी सीडी-3 और एनएचएआई अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई है।

डीएम ने निर्देश दिए कि सभी टोल प्लाजाओं पर 24 घंटे पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से सड़क सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएं। साथ ही थके हुए वाहन चालकों को रेस्ट एरिया में विश्राम के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि लंबी दूरी के दौरान होने वाले हादसों को रोका जा सके।

उन्होंने परिवहन विभाग को वाहन चालकों और परिचालकों की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं दक्षता परीक्षण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा हाईवे किनारे अवैध पार्किंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।

स्कूल और कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को विशेष जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में अभिभावकों के खिलाफ भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्कूल वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए।

शहरी यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए डीएम ने विकास प्राधिकरण सचिव, नगर मजिस्ट्रेट और नगर पालिका उरई के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि सड़कों पर अवैध पार्किंग और दुकानों के बाहर अतिक्रमण पर प्रभावी रोक लगाई जाए तथा व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, एआरटीओ राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a comment