गौशाला की बदहाली से किसानों की फसल बर्बाद, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार

जालौन के ग्राम खल्ला, ग्राम पंचायत खाकरी के ग्रामीणों ने गौशाला की अव्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी से शिकायत की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गौशाला में रख-रखाव की उचित व्यवस्था न होने के कारण बीते कई दिनों से गौवंश रात में बाहर निकलकर खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार बीती रात गौवंश खेतों में घुस गए और लगभग एक बीघा चरी तथा दो बीघा मूंग की फसल चर ली, जिससे करीब 70 प्रतिशत नुकसान हो गया। किसानों का कहना है कि उन्होंने खेती पेशगी पर ली थी और खेती ही उनके परिवार का मुख्य सहारा है। इसी प्रकार गांव के अन्य किसानों की फसलें भी प्रभावित हुई हैं।

शिकायतकर्ताओं में हिमांशु परिहार, जयवीर सिंह, गम्भीर, उत्तम मिल, शिवपूजन सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गौशाला का औचक निरीक्षण कर गायों की देखरेख की समुचित व्यवस्था कराने तथा किसानों को हुए नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।

Leave a comment