तेज रफ्तार बलेनो पेड़ से टकराई, दो की मौत, दो गंभीर

जालौन। जालौन-औरैया स्टेट हाईवे पर कन्हैया लाल स्कूल के समीप शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बलेनो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बबूल के पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर जालौन थाना प्रभारी हरिशंकर चंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।

कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी तथा घायल वाहन के अंदर फंसे हुए थे। थाना प्रभारी ने तत्काल ट्रैक्टर मंगवाकर कार को खिंचवाया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन पहुंचाया गया।

सीएचसी में चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि कार सवार चारों युवक बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी थे और जनपद हमीरपुर से लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक थी। बताया गया कि युवक रास्ते में पार्टी करते हुए लौट रहे थे। इसी दौरान चालक संतुलन खो बैठा और कार सीधे पेड़ से जा भिड़ी।

पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायलों की पहचान और अन्य कानूनी कार्रवाई जारी है। पूरा मामला जालौन कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित जालौन-औरैया स्टेट हाईवे का बताया जा रहा है।

Leave a comment