लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने बुधवार को पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 9 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण की सूची जारी कर दी। शासन द्वारा जारी आदेश में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपने के साथ अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
जारी सूची के अनुसार 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी जय नारायण सिंह को पुलिस महानिदेशक, यूपी पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, लखनऊ से हटाकर पुलिस महानिदेशक ईओडब्ल्यू, उत्तर प्रदेश, लखनऊ बनाया गया है। वहीं ध्रुव कान्त ठाकुर को पुलिस महानिदेशक नागरिक सुरक्षा के साथ विशेष सुरक्षा बल के अतिरिक्त प्रभार से हटाकर पुलिस महानिदेशक एवं महाअधिवक्ता होमगार्ड, उत्तर प्रदेश नियुक्त किया गया है। उनके पास नागरिक सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
विनोद कुमार सिंह को पुलिस महानिदेशक सीआईडी, उत्तर प्रदेश के साथ साइबर क्राइम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था, अब उन्हें यूपी-112 का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। आलोक सिंह को पदोन्नति के बाद कानपुर जोन से पुलिस महानिदेशक पीएसी मुख्यालय, लखनऊ बनाया गया है तथा उन्हें विशेष सुरक्षा बल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
श्रीमती अनुपमा कुलश्रेष्ठ को आगरा जोन से स्थानातरित अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन बनाया गया है। ए. सतीश गणेश को यातायात एवं सड़क सुरक्षा निदेशालय के साथ अपराध शाखा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। डॉ. आर.के. स्वर्णकार को पीएसी मुख्यालय से हटाकर यूपी पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड में अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। �
इसके अलावा एस.के. भगत को अपर पुलिस महानिदेशक अपराध, उत्तर प्रदेश से हटाकर अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन नियुक्त किया गया है। वहीं आईपीएस अधिकारी गीता सिंह को पुलिस महानिरीक्षक अभियोजन से हटाकर पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ भेजा गया है।







Leave a comment