माधौगढ़। आगामी त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने को लेकर माधौगढ़ कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नगर के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक में मेले में खेले जा रहे जुआ व अनिमितताओं का मामला उठाया गया।
उपजिलाधिकारी माधौगढ़ विनय मौर्य ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खुले में कुर्बानी देने से बचें तथा कोई भी व्यक्ति अपने स्तर से नई परंपरा शुरू न करे, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अंबुज यादव ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक हैं। किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली प्रभारी अभिलाख मिश्रा ने कहा कि त्योहार के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से सहयोग कर शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की।
बैठक के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रिन्स द्विवेदी ने रामपुरा स्टैंड पर अतिक्रमण व सड़क किनारे मिट्टी न भराये जाने के कारण जाम का मुद्दा उठाया, वहीं नगर पंचायत माधौगढ़ के वार्ड नंबर 2 के सभासद अरविन्द सिंह सेंगर ने चितौरा स्टैंड पर अतिक्रमण की शिकायत प्रशासन के समक्ष रखी। नगर में अवैध तरीके से लगाए गए मेले में जुआ और अन्य अनियमितताओं का मामला उठा,इस पर एसडीएम ने मेला आयोजक को तत्काल बुलाने के लिए कहा। सदर मस्जिद अकरम ने लीकेज की समस्या उठाई।
बैठक में शांति व्यवस्था, अतिक्रमण और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई तथा प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस मौके पर समस्त प्रधान, सहित मुश्लिम धर्मगुरु मौजूद रहे।







Leave a comment