मेडिकल कॉलेज विवाद की जांच को डीएम ने गठित की तीन सदस्यीय समिति

उरई। राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में चिकित्सकों और तीमारदारों के बीच हुए विवाद तथा उससे उपजे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। समिति पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी।

जिलाधिकारी कार्यालय से 21 मई 2026 को जारी आदेश के अनुसार 18 मई 2026 की मध्य रात्रि लगभग 12 बजे राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में चिकित्सकों एवं तीमारदारों के बीच विवाद हुआ था। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सकीय कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हुए थे।

डीएम द्वारा गठित जांच समिति में अपर जिलाधिकारी प्रेमचंद मौर्य को अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई के फोरेंसिक मेडिसिन विभागाध्यक्ष एवं सह आचार्य डॉ. पुनीत अवस्थी तथा अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी को सदस्य नामित किया गया है।

जारी आदेश में कहा गया है कि समिति विवाद के कारणों, संबंधित पक्षों की भूमिका, मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थागत बिंदुओं की गहन जांच करेगी। साथ ही घटना के लिए उत्तरदायी व्यक्तियों और परिस्थितियों का चिन्हांकन भी करेगी।

प्रशासन ने समिति को यह भी निर्देश दिया है कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव एवं निवारक उपाय भी अपनी रिपोर्ट में शामिल किए जाएं।

जिलाधिकारी ने गठित जांच समिति को निर्देशित किया है कि वह शीघ्र जांच पूर्ण कर अपनी आख्या प्रस्तुत करना सुनिश्चित करे। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन में हलचल तेज हो गई है तथा पूरे मामले पर जिले भर की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a comment

Recent posts