कौंच मंडी में अवैध वसूली पर डीएम का बड़ा एक्शन, वाटर मैन निलंबित

उरई। कौंच मंडी में किसानों से अवैध वसूली किए जाने के आरोप में वायरल हुए वीडियो प्रकरण पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल उप जिलाधिकारी कौंच हेमंत पटेल को जांच अधिकारी नामित कर पूरे प्रकरण की जांच कराई।

जांच के दौरान किसानों द्वारा लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच में अशोक गुप्ता वाटर मैन द्वारा अनियमितता और अवैध वसूली किए जाने की पुष्टि होने पर जिलाधिकारी ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़, भ्रष्टाचार अथवा अवैध वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आमजन, विशेषकर किसानों को परेशान करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। जनपद प्रशासन भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था और किसानों के सम्मान की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

Leave a comment