सड़क पर तड़पते घायलों को पुलिस ने अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल, लोगों ने की सराहना
उरई। शुक्रवार देर रात नगर के चुंगी नंबर 4 पर तेज रफ्तार का ऐसा कहर टूटा कि सड़क चीखों और खून से सन गई। रात करीब 12:30 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार कई फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद सड़क पर घायल दर्द से तड़पते रहे और चारों ओर चीख-पुकार मच गई।
इसी बीच मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंच गई और हालात संभाल लिए। पुलिस कर्मियों ने एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय घायलों को तुरंत अपनी गाड़ी में बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू कराया गया।



Leave a comment