अकबरपुर इटौरा गांव में देर रात हुई घटना, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

उरई। आटा थाना क्षेत्र के अकबरपुर इटौरा गांव में चार वर्षीय मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने प्रथम दृष्टया बच्ची की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मामले में बच्ची की मां को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घटना बृहस्पतिवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी राजकुमार अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। परिजनों के मुताबिक राजकुमार अपने दोनों बेटों उमंग और मयंक के साथ अलग-अलग चारपाइयों पर सोए थे, जबकि उनकी पत्नी विनीता अपनी चार वर्षीय बेटी नैना के साथ दूसरी चारपाई पर थी। आरोप है कि देर रात बच्ची का गला दबा दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

बताया गया कि कुछ देर बाद बिजली कटने से पंखे बंद हो गए, जिससे राजकुमार की नींद खुल गई। इस दौरान उन्होंने बेटी नैना को जमीन पर पड़ा देखा। बच्ची की हालत देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। सुबह होते ही घटना की जानकारी पूरे गांव में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी कालपी अवधेश कुमार सिंह, आटा थानाध्यक्ष अजय सिंह तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।

सीओ कालपी अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

Leave a comment