मोदी-योगी युग दलित उत्थान का स्वर्णिम काल, जालौन में धानुक-बरार समाज को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश : डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल

उरई में पत्रकार वार्ता के दौरान बोले विधान परिषद सदस्य, जलालपुर चिरगुंवा पहुंच कर दलित परिवारों की जानी स्थिति

उरई। विधान परिषद सदस्य एवं दैवीय आपदा प्रबंधन एवं जांच समिति के सभापति डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि मोदी-योगी सरकार का दौर दलित, वंचित और पिछड़े समाज के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण का स्वर्णिम काल साबित हो रहा है। सरकार की योजनाओं का सबसे अधिक लाभ दलित समाज को मिला है और अब समाज का अंतिम व्यक्ति भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है।

शुक्रवार को उरई स्थित राज्य अतिथि गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. निर्मल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, सौभाग्य योजना, स्वच्छ भारत मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने दलित समाज के जीवन स्तर में ऐतिहासिक परिवर्तन किया है। गरीबों के कच्चे मकानों की जगह पक्के घर बन रहे हैं, घरों में बिजली पहुंची है और गरीब परिवार अब इलाज के अभाव में असमय मौत का शिकार नहीं हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुसहर, बसोर, बांसफोड़, धरकार, थारू जैसी हाशिए की जातियों को मुख्यमंत्री आवास योजना में प्राथमिकता देने का काम किया है। सरकार इन वर्गों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

डॉ. निर्मल ने बताया कि लखनऊ के ऐशबाग में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है, जहां 25 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित की गई है। परिसर में संग्रहालय, आधुनिक प्रेक्षागृह, विपश्यना केंद्र, पुस्तकालय, अतिथि गृह और डॉ. आंबेडकर शोध केंद्र भी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी सरकारी कार्यालयों में डॉ. आंबेडकर का चित्र लगाए जाने के निर्देश दिए हैं तथा प्रदेशभर में उनकी प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण, बाउंड्रीवाल और छत्र निर्माण के लिए 500 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।

स्वच्छ भारत मिशन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि घर-घर शौचालय निर्माण से सदियों पुरानी हाथ से मैला उठाने की कुप्रथा पर प्रभावी रोक लगी है। साथ ही बिना सुरक्षा उपकरणों के सीवर में उतरने पर रोक लगाई गई है तथा सीवर हादसे में मृत्यु होने पर मृतक परिवार को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था की गई है।

डॉ. निर्मल ने कहा कि दलित समाज के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए स्टैंडअप इंडिया योजना के तहत 10 लाख से एक करोड़ रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही राज्यसभा और विधान परिषद में भी दलित समाज की भागीदारी बढ़ी है।

इससे पूर्व दो दिवसीय जनपद दौरे पर पहुंचे डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने उरई तहसील क्षेत्र के ग्राम जलालपुर चिरगुंवा पहुंचकर अनुसूचित जाति के बरार और कठेरिया समाज के लोगों की समस्याएं सुनीं तथा उनकी आवासीय स्थिति का निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार की मंशा है कि पात्र व्यक्ति किसी भी सरकारी योजना से वंचित न रहे, लेकिन जालौन जिले में अभी भी धानुक और बरार समाज पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा कि इन समुदायों को प्रधानमंत्री आवास योजना से शत-प्रतिशत जोड़ा जाए।

इस दौरान आंबेडकर महासभा के पंकज सहाय, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, ग्राम सचिव साधना राठौर, ग्राम प्रधान तारा देवी, पुनीत गौतम इटौरा, करन बरार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a comment