इप्टा स्थापना दिवस समारोह में प्रबुद्धजनों का सम्मान, चार दशक के सांस्कृतिक सफर को किया याद

उरई। इंडियन पीपुल्स थियेटर एसोसिएशन (इप्टा) स्थापना दिवस के अवसर पर भगतसिंह महाविद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में शहर के गणमान्य एवं प्रबुद्धजनों को “उरई इप्टा के गौरवशाली चार दशक” अंकित अंगवस्त्र (गमछा) ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जन संस्कृति, रंगकर्म और सामाजिक चेतना से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

समारोह में औरैया इप्टा के कॉमरेड भूतनाथ उर्फ प्रेम शंकर अवस्थी तथा कालपी इप्टा के संयोजक महेंद्र गौतम को उरई इप्टा के महासचिव दीपेन्द्र सिंह ने सम्मानित किया। वहीं बुंदेलखंड के चर्चित स्तंभकार केपी सिंह एवं पूर्व कस्टम कमिश्नर शंभू दयाल को इप्टा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राज पप्पन ने अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इसके अलावा भगतसिंह महाविद्यालय के प्रबंधक कॉमरेड सुधीर अवस्थी को उरई इप्टा के उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेन्द्र कुमार ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम में उरई इप्टा के अध्यक्ष ने नगर में इप्टा के चार दशक लंबे सांस्कृतिक सफर पर प्रकाश डालते हुए संगठन की जनपक्षधर सांस्कृतिक भूमिका को रेखांकित किया। ग्राम दौलतपुरा के बाल रंगकर्मियों द्वारा प्रस्तुत संदेशपरक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

पूर्व कस्टम कमिश्नर शंभू दयाल ने कहा कि इस प्रकार की सांस्कृतिक गतिविधियां आने वाली पीढ़ी में जन संस्कृति और सामाजिक चेतना का बड़ा निवेश हैं। समारोह में बड़ी संख्या में साहित्यकार, रंगकर्मी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a comment