उरई। विकासखंड डकोर के ग्राम टीकर में बीते दिवस अज्ञात कारणों से दो घरों में आग लगने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई। मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में दैवीय आपदा से प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की गई।
उप जिलाधिकारी उरई ज्योति सिंह ने मौके पर पहुंचकर आग से प्रभावित कमलेश पत्नी पुनु तथा कस्तूरी पत्नी शिवकुमार से मुलाकात की और घटना की जानकारी लेकर उन्हें ढांढस बंधाया।
प्रशासन की ओर से दोनों पीड़ित परिवारों को एक-एक लाख 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके साथ ही परिवारों को दैनिक उपयोग की खाद्य सामग्री किट भी उपलब्ध कराई गई, ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके।
उप जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवारों को शासन स्तर से अनुमन्य हर संभव सहायता प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है और किसी भी पीड़ित को असहाय नहीं छोड़ा जाएगा।







Leave a comment