उरई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने जनपद मुख्यालय स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा, संरक्षा एवं पारदर्शिता से जुड़े सभी पहलुओं की गहन समीक्षा की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम लॉग-बुक का अवलोकन कर उसमें अपनी निरीक्षण टिप्पणी अंकित की तथा अभिलेखों के समुचित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम का भी निरीक्षण किया और कैमरों के माध्यम से होने वाली निगरानी की गुणवत्ता एवं निरंतरता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करें तथा नियमित रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहें।
इस अवसर पर राजीव राज, तलहा मजहर, ईवीएम सहायक सहित संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।







Leave a comment