कथित धर्मांतरण की आशंका पर जालौन में हंगामा, बस रोककर 22 लोगों से पूछताछ

जालौन-उरई। जालौन जिले में कथित धर्मांतरण की आशंका को लेकर मंगलवार देर शाम हड़कंप मच गया। कुठौंद थाना क्षेत्र के मदारीपुर गांव से ग्रामीणों को बस में भरकर लखनऊ ले जाए जाने की सूचना पर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं और स्थानीय युवाओं ने बस को बीच रास्ते में रोक लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं समेत 22 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि सिरसा थाना क्षेत्र के ऊद गांव से कथित तौर पर एक नेटवर्क संचालित किया जा रहा था, जो गांव-गांव जाकर गरीब परिवारों को पैसे, इलाज और मदद का लालच देकर लोगों को बस में बैठा रहा था। बस संख्या यूपी 92 एटी 6733 में सवार लोगों की सूची भी पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल और संपर्क सूत्रों की जांच में जुटी हुई है।

सूत्रों के मुताबिक मध्यप्रदेश तक फैले संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाने में स्थानीय युवाओं ने अहम भूमिका निभाई। सूचना मिलने के बाद विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता सक्रिय हुए और बस को पकड़वाने में सहयोग किया। मौके पर कई स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

सूचना पर क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र बाजपेई, एसडीएम जालौन और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर सभी लोगों से पूछताछ शुरू कर दी।

हिरासत में लिए गए लोगों में पूनम, माधुरी, विमला, पुष्पा, निर्मला, राजकुमारी, अंजली सिंह, सरोज, सोनेश, अमला, गुड्डी देवी, मुनु, उषा, बिंदली, रीना, विद्या, किरण और राखी समेत अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं राजा सिंह निवासी मानपुरा को मुख्य संयोजक बताया जा रहा है, जिसके संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में देर रात तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment