उरई। जालौन जिले में कथित धर्मांतरण की आशंका को लेकर मंगलवार देर रात शुरू हुआ हंगामा अब मुकदमे तक पहुंच गया है। थाना कुठौंद पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
मंगलवार देर शाम कुठौंद थाना क्षेत्र के मदारीपुर गांव से ग्रामीणों को बस में भरकर लखनऊ ले जाए जाने की सूचना पर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं और स्थानीय युवाओं ने बस को बीच रास्ते में रोक लिया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं समेत 22 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी।
बताया गया था कि सिरसाकलार थाना क्षेत्र के ऊद गांव से कथित तौर पर एक नेटवर्क संचालित किया जा रहा था, जो गांव-गांव जाकर गरीब परिवारों को पैसे, इलाज और अन्य मदद का लालच देकर लोगों को बस में बैठा रहा था। बस संख्या यूपी 92 एटी 6733 में सवार लोगों की सूची भी पुलिस को सौंपी गई थी। पुलिस मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल और संपर्क सूत्रों की जांच में जुट गई थी।
सूत्रों के मुताबिक मध्यप्रदेश तक फैले संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाने में स्थानीय युवाओं ने अहम भूमिका निभाई। सूचना मिलने के बाद विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता सक्रिय हुए और बस को पकड़वाने में सहयोग किया। मौके पर कई स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सूचना पर क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र बाजपेई, एसडीएम जालौन और भारी पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया था। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर सभी लोगों से पूछताछ की थी।
पूछताछ और विहिप कुठोंद के नेता पंकज शुक्ला की तहरीर के आधार पर थाना कुठौंद में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 61/318 बीएनएस तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम 2021 की धारा 3/5(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
थानाध्यक्ष जगदम्बिका दुबे ने बताया कि आरोप है कि विभिन्न जनपदों की महिलाओं और पुरुषों को बहला-फुसलाकर एवं प्रलोभन देकर ईसाई प्रार्थना सभा में शामिल कराने के लिए लखनऊ ले जाया जा रहा था, जहां धर्म परिवर्तन कराए जाने की आशंका जताई गई। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिरासत में लिए गए लोगों में पूनम, माधुरी, विमला, पुष्पा, निर्मला, राजकुमारी, अंजली सिंह, सरोज, सोनेश, अमला, गुड्डी देवी, मुनु, उषा, बिंदली, रीना, विद्या, किरण और राखी समेत अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। घटना के बाद इलाके में देर रात तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।






Leave a comment