माधौगढ़-उरई। माधौगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना रामपुरा क्षेत्र के ग्राम गुढ़ा (बेरा) निवासी रामबरन सिंह उर्फ लालू (40) पुत्र दिग्विजय सिंह अपने छोटे भाई संजय सिंह के साथ मोटरसाइकिल से माधौगढ़ क्षेत्र के ग्राम धमना में आयोजित रामचरितमानस पाठ कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
शुक्रवार शाम करीब 7:45 बजे जैसे ही उनकी बाइक माधौगढ़-ऊमरी रोड पर बचपन स्कूल के सामने पहुंची, तभी तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रामबरन सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं संजय सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया गया है।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही माधौगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए, जहां परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।







Leave a comment