कालपी-उरई। शासन के निर्देशों के अनुरूप सरकारी भूमि एवं सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत गुरुवार को कदौरा कस्बे में प्रशासन ने व्यापक कार्रवाई की। उपजिलाधिकारी कालपी अमित शेखर के नेतृत्व में नगर पंचायत और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटवाए।

बताया गया कि नगर पंचायत कदौरा के अधिशासी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी उपजिलाधिकारी अमित शेखर के पास है। कस्बे के मुख्य मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण और यातायात बाधित होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अभियान चलाने का निर्णय लिया।

अभियान के दौरान तहसीलदार कदौरा चंद्र मोहन शुक्ला, नगर पंचायत कर्मियों एवं राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में मेन बाजार से लेकर चतेला रोड स्थित तांगा स्टैंड तक सड़क के दोनों ओर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। जेसीबी मशीन के माध्यम से अवैध रूप से रखे गए ढांचे और अन्य बाधाओं को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

अचानक हुई प्रशासनिक कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक भूमि एवं सड़कों पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।

Leave a comment