सूने मकान का ताला तोड़ लाखों के जेवर व नकदी चोरी, पीड़ित ने दर्ज कराई शिकायत

कालपी-उरई। कालपी नगर के मोहल्ला तरीबुल्दा में अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली कालपी में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है।

मोहल्ला तरीबुल्दा निवासी देवीदीन पुत्र छोटेलाल ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह बाहर रहकर मजदूरी करता है। घटना के समय उसका घर बंद था और उसकी मां पास के दूसरे मकान में रह रही थीं। आरोप है कि 1 जून की रात अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर भीतर रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं 15 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।

चोरी गए सामान में झुमकी, वाले, करधौनी, अंगूठी, पायल और तोड़िया समेत अन्य जेवर शामिल बताए गए हैं। सुबह पड़ोसियों ने घर का टूटा ताला देखकर उसकी मां को सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर घर के भीतर बक्सों का सामान बिखरा पड़ा मिला।

घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। पीड़ित का आरोप है कि क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण नहीं किया। समाचार लिखे जाने तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।

पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

Leave a comment