उरई। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़-माँ के नाम’ अभियान के तहत जनपद जालौन में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकास खंड डकोर के ग्राम मोहम्मदाबाद में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामवासियों ने पौधरोपण किया।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन और मानव जीवन दोनों के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने लोगों से एक पौधा अपनी मां के नाम लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से पौधरोपण के साथ पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि जनपद के सभी विकास खंडों, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अमृत सरोवरों, तालाबों, गौशालाओं, सड़कों, नदी एवं नहर किनारे तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर 10 लाख 37 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया।
उन्होंने बताया कि अभियान में स्थानीय, पारंपरिक तथा फलदार प्रजातियों को प्राथमिकता दी गई। वृक्षारोपण कार्यक्रम में विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सहभागिता रही। जिलाधिकारी ने कहा कि पौधरोपण के साथ पौधों का संरक्षण भी जरूरी है और संबंधित विभागों को उनकी नियमित देखभाल के निर्देश दिए गए हैं।







Leave a comment