सुदामा दीक्षित ने मनोज पांडेय के स्वागत में दिखाई अपनी वापसी, जालौन में अनोखा और भव्य आयोजन

जालौन: भाजपा के वरिष्ठ नेता सुदामा दीक्षित के लिए अपने मेंटोर और उत्तर प्रदेश के नव नियुक्त खाद्य एवं रसद विभाग के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय के स्वागत दौरे का आयोजन जिले की राजनीति में अपनी धाक जमाने का बड़ा अवसर साबित हुआ। कार्यक्रम की भव्यता और अनोखे आयोजन ने न केवल मंत्री को प्रभावित किया बल्कि सुदामा दीक्षित की संगठन क्षमता और राजनीतिक वापसी का भी जोरदार संदेश दिया।

लगभग एक दशक पहले माधौगढ़ से जालौन आकर राजनीति में धूम मचाने वाले सुदामा दीक्षित को उस समय “नए धूमकेतु” के रूप में देखा गया था। बाद में कुछ वर्षों की नेपथ्य यात्रा के बाद इस कार्यक्रम ने साबित कर दिया कि उनकी राजनीतिक वापसी न केवल मजबूत है बल्कि वे जिले के बड़े पावर सेंटर के रूप में फिर से स्थापित हो रहे हैं।

अनोखा स्वागत, किफायत का भी ध्यान

पार्टी की किफायत की हिदायतों को ध्यान में रखते हुए सुदामा दीक्षित ने कार्यकर्ताओं को ई-रिक्शा से बुलाकर स्वागत कार्यक्रम को कौतुकपूर्ण बना दिया। मंत्री जी की अगवानी ऊंट, सजे हुए घोड़ों और बैलगाड़ी से की गई। खास आकर्षण रहा जे.सी.बी. मशीन से की गई पुष्प वर्षा और माल्यार्पण का अनोखा अंदाज।

मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में भाजपा परिवार की सभी विंग के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। सदर विधायक गौरीशंकर, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन और भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

मंत्री मनोज पांडेय ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दौरान प्रशासन के बीच सुदामा दीक्षित को जिले का प्रमुख चेहरा के रूप में स्थापित करते हुए पूरे दौरे को तार्किक अंजाम दिया।

सूत्रों के अनुसार, अपने गृह जनपद रायबरेली में भी मंत्री को इतना जोशीला और यादगार स्वागत शायद ही मिला हो, जितना सुदामा दीक्षित ने जालौन जिले में दिलाया। इस सफल आयोजन ने सुदामा दीक्षित को मंत्री जी का और अधिक विश्वासपात्र बना दिया है।

यह कार्यक्रम जालौन जिले की भाजपा राजनीति में सुदामा दीक्षित के बढ़ते कद और उनकी वापसी की ताकत का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।

Leave a comment