उरई। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकास खंड डकोर स्थित गौशाला में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर गोवंश की सेवा की तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने गोवंश को गुड़ एवं चना खिलाया और गौ संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष महत्व है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं बल्कि संवेदनशील एवं संस्कारित समाज के निर्माण का आधार भी है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गौवंश संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है।
कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि गौशालाएं पशुधन संरक्षण के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने गोवंश के लिए स्वच्छ वातावरण, पर्याप्त चारा-पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोवंश संरक्षण जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा गौशालाओं में चारे, स्वच्छ पेयजल, छायादार व्यवस्था और पशु चिकित्सा सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने जनसहभागिता को भी गौ संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताया।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भाव भारतीय संस्कृति की पहचान है। उन्होंने गोवंश को गुड़-चना खिलाकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने गौ संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए निरंतर सहयोग का संकल्प लिया। इस अवसर पर गौशाला परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया तथा स्वच्छता एवं हरियाली को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।







Leave a comment