सम्पूर्ण समाधान दिवस में आईं 116 शिकायतें, 34 का मौके पर निस्तारण

उरई। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने तहसील माधौगढ़ सभागार में जनसुनवाई कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 116 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 34 का मौके पर ही निस्तारण कर राहत प्रदान की गई, जबकि शेष प्रकरणों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, आपूर्ति, पंचायत, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समयबद्ध न्याय मिले।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

दोनों अधिकारियों ने उपस्थित विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे शिकायतों के निस्तारण में व्यक्तिगत रुचि लें तथा मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करें। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस केवल शिकायतें प्राप्त करने का मंच नहीं, बल्कि उनके प्रभावी समाधान का माध्यम है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन गंभीरता से करे।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a comment