उरई। ग्राम पंचायत पिया निरंजनपुर एवं रूरा अड्डू, तहसील उरई के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी जालौन को ज्ञापन सौंपकर कई दिनों से बाधित विद्युत आपूर्ति को शीघ्र बहाल कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि 28 मई 2026 को आई भारी वर्षा और तेज आंधी के कारण गांव की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। इसके बाद से गांव में नियमित रूप से बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न होने के कारण पेयजल संकट गहरा गया है। गांव की गौशाला में भी पानी की समुचित व्यवस्था नहीं हो पा रही है, जिससे वहां संरक्षित गोवंशों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पंखे व अन्य विद्युत उपकरण बंद पड़े होने से ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि जनहित को देखते हुए गांव की विद्युत आपूर्ति तत्काल बहाल कराई जाए तथा संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि ग्रामीणों और गौशाला में रह रहे पशुओं को राहत मिल सके।
ज्ञापन पर ग्राम पंचायत पिया निरंजनपुर एवं रूरा अड्डू के अनेक ग्रामीणों के हस्ताक्षर दर्ज हैं।




Leave a comment