उरई, 6 जून। समाजवादी पार्टी ने डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस, खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों, किसानों की समस्याओं तथा अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर 8 जून को जिला मुख्यालय उरई में प्रदर्शन करने की घोषणा की है। पार्टी कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे।
पार्टी की ओर से जारी सूचना के अनुसार कार्यक्रम में जिले भर से सैकड़ों कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। सभी वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से सुबह 9:30 बजे समाजवादी पार्टी कार्यालय, उरई में पहुंचने का आह्वान किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह 10 बजे पार्टी कार्यालय से पैदल मार्च शुरू होगा। यह मार्च अंबेडकर चौराहा और जिला परिषद मार्ग से होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचेगा, जहां महंगाई, किसानों की समस्याओं तथा अन्य जन मुद्दों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
समाजवादी पार्टी नेताओं का कहना है कि बढ़ती महंगाई और किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर जनता में व्यापक असंतोष है। इसी के मद्देनजर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।






Leave a comment