विश्व पर्यावरण दिवस पर जल संरक्षण का संकल्प, रामपुरा में बनेंगे 100 जलतारा : डीएम

उरई। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर परमार्थ समाज सेवी संस्थान द्वारा विकासखंड रामपुरा के ग्राम मल्हानपुरा में जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन विषयक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने निर्माणाधीन जलतारों पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा कार्यों का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वर्षा जल को संरक्षित करने और भूजल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से रामपुरा विकासखंड में 100 जलतारों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जलतारा खेतों में वर्षा जल को रोकने, भूजल पुनर्भरण बढ़ाने तथा किसानों को लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जल सहेलियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में जल संकट एक गंभीर चुनौती बन सकता है। ऐसे में जल संरक्षण के लिए सामुदायिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने जल सहेलियों को समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरक शक्ति बताया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने किसानों के खेतों में किए जा रहे प्राकृतिक खेती के प्रयोगों का भी अवलोकन किया। ग्राम की कृषक सोमवती के खेत में जीवामृत के उपयोग से तैयार मूंग की फसल का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने फसल की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए प्राकृतिक खेती के लाभों की जानकारी प्राप्त की।

परमार्थ समाज सेवी संस्थान के प्रमुख संजय सिंह ने कहा कि जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे से जुड़े विषय हैं। यदि वर्षा जल को गांवों में ही संरक्षित किया जाए और किसान प्राकृतिक खेती अपनाएं तो जल संकट तथा मिट्टी की उर्वरा शक्ति से जुड़ी अनेक समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने कहा कि संस्था जल सहेलियों और ग्रामीण समुदाय के सहयोग से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, जल सहेलियां, किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संकल्प लिया।

Leave a comment