जालौन-उरई। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी के प्रथम नगर आगमन पर जालौन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौराहे पर बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। नगर को भाजपा के झंडों और स्वागत बैनरों से सजाया गया था।
प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा एवं पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल ने फलों से तुलादान कर उनका सम्मान किया। इसके बाद पंकज चौधरी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और संगठनात्मक शक्ति के बल पर विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का जालौन आगमन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है। उनके मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूती प्राप्त होगी।
इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, विधायक विनोद चतुर्वेदी, ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन, पालिकाध्यक्ष नेहा मित्तल, पुनीत मित्तल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




Leave a comment