जालौन। पूर्व सांसद श्रीरामपाल पाल के भतीजे का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जयसिंह पाल (32) पुत्र गंगाराम पाल निवासी ग्राम सोनई परवई, थाना जालौन के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार जयसिंह पाल शनिवार से घर से लापता थे। रविवार को उनका शव बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के निकट छिरिया क्षेत्र में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी में जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक मृतक के घर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।

Leave a comment