उरई। जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) जालौन द्वारा पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित क्रिकेट समर कैंप एवं क्रिकेट कोचिंग वर्कशॉप-2026 में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। शिविर में भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव के प्रथम कोच कपिल पांडे ने खिलाड़ियों को आधुनिक क्रिकेट तकनीक, फिटनेस, अनुशासन और खेल कौशल की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं डीसीए जालौन के मुख्य संरक्षक जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडे ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि जिले के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि कुलदीप यादव के कोच का मार्गदर्शन खिलाड़ियों को खेल की तकनीकी समझ विकसित करने और अपनी प्रतिभा को निखारने में मदद करेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि डीसीए जालौन लगातार क्रिकेट सहित विभिन्न खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण शिविरों और कार्यशालाओं का आयोजन कर रहा है। ऐसे कार्यक्रम खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, मेहनत और नियमित अभ्यास को सफलता का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया।
यूपीसीए के निदेशक एवं डीसीए जालौन के संस्थापक श्याम बाबू ने वर्ष 2026 में प्रस्तावित क्रिकेट प्रतियोगिताओं और विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य जिले की प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
डीसीए के उपाध्यक्ष सुरेश निरंजन ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए आधुनिक तकनीकों की जानकारी तथा नियमित प्रशिक्षण आवश्यक है। ऐसे शिविर खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य प्रशिक्षक कपिल पांडे ने अपने संबोधन में कुलदीप यादव के शुरुआती संघर्ष और सफलता की प्रेरक यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर कुलदीप यादव ने भारतीय क्रिकेट टीम तक का सफर तय किया। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतिभा के साथ कड़ी मेहनत और सकारात्मक सोच को अपनाने की सलाह दी।
प्रशिक्षण सत्र में खिलाड़ियों को फिटनेस, वार्म-अप, स्ट्रेचिंग, रनिंग ड्रिल्स और खेल के दौरान शरीर को सक्रिय एवं संतुलित रखने की तकनीकों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने आधुनिक क्रिकेट में शारीरिक और मानसिक फिटनेस के महत्व पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान डीसीए के सचिव विकास कुमार शर्मा ने मुख्य प्रशिक्षक कपिल पांडे का स्वागत कर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कोच प्रशिक्षण कार्यशाला के प्रतिभागियों तथा समर कैंप में शामिल खिलाड़ियों को डीसीए जालौन की ओर से टी-शर्ट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में श्याम बाबू, विकास कुमार शर्मा, विनय कुमार सिंह, सुरेश निरंजन, डॉ. अविनाश सिंह, कपिल पांडे, कमल सैनी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे




Leave a comment