जालौन में पहली महिला युवा अधिकारी बनीं सोनिका चंद्रा, संभाला माय भारत का कार्यभार

उरई। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित माय भारत (पूर्व में नेहरू युवा केंद्र) में जनपद जालौन के लिए युवा अधिकारी का दायित्व सोनिका चंद्रा को सौंपा गया है। मूल रूप से इटावा जनपद में तैनात सोनिका चंद्रा को जालौन जिले की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।

सोमवार को उन्होंने जालौन में अपना कार्यभार ग्रहण किया। जनपद में यह पहला अवसर है जब विभाग में किसी महिला अधिकारी की नियुक्ति हुई है। उनके आगमन को लेकर विभागीय कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों में उत्साह देखा गया।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने हाल ही में नेहरू युवा केंद्र संगठन का नाम बदलकर माय भारत कर दिया है। इसका उद्देश्य युवाओं को खेल, सामाजिक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण से जोड़कर उनकी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करना है।

कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर पूर्व सत्र के ब्लॉक वॉलंटियरों ने सोनिका चंद्रा का स्वागत किया। इस दौरान रमाकांत सोनी (टीहर), आलोक द्विवेदी, विमल चौहान, नेहा यादव, सत्यम सिंह, हरिओम शिवहरे, ऋषभ विश्वकर्मा, अभिषेक नामदेव सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

सोनिका चंद्रा ने युवाओं को सरकारी योजनाओं और सामाजिक विकास कार्यक्रमों से जोड़ने तथा जिले में युवा गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a comment