सामाजिक एकजुटता और शिक्षा पर जोर, विश्वकर्मा महासभा की बैठक संपन्न

उरई। अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा जनपद जालौन के तत्वावधान में चुर्खी रोड स्थित विश्वकर्मा क्लॉथिंग प्रतिष्ठान पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज में व्याप्त कुरीतियों, शिक्षा, राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक जागरूकता और संगठन की मजबूती जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता महासभा के जिलाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी महेश चंद्र विश्वकर्मा ने की, जबकि संचालन अमित विश्वकर्मा सिहारी ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए महेश चंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि समाज के लोगों को अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संगठित रहना होगा। उन्होंने सामाजिक एकता को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया।

वक्ताओं ने शिक्षा को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए बच्चों को बेहतर शिक्षा और संस्कार देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने चरित्र, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहना चाहिए, क्योंकि भविष्य का निर्माण उन्हीं के हाथों में है।

बैठक में समाज की एकजुटता को मजबूत बनाने, विभिन्न उपनामों के कारण पैदा होने वाले विभाजन को समाप्त करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि समाज में बढ़ते पारिवारिक विवादों को आपसी समझ, सम्मान और संवाद के माध्यम से कम किया जा सकता है।

इस अवसर पर रामलाल विश्वकर्मा, नवीन विश्वकर्मा, अयोध्या विश्वकर्मा, संजीव ओझा, रामदत्त विश्वकर्मा एडवोकेट, हनुमंत विश्वकर्मा, मेघश्याम विश्वकर्मा, राजेंद्र विश्वकर्मा, हर्षित विश्वकर्मा, रामबाबू ओझा, राधेश्याम ओझा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

Leave a comment