उरई। सिरसा कलार थाना क्षेत्र के ग्राम ऊद में बेटी की शादी की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। बेटी के विवाह के निमंत्रण पत्र बांटकर घर लौट रहे एक व्यक्ति की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। घटना के बाद विवाह वाले घर में मातम छा गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम ऊद निवासी 45 वर्षीय राजेंद्र सिंह अपनी पुत्री की 21 जून को होने वाली शादी के निमंत्रण पत्र रिश्तेदारों में वितरित कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

परिजन उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज उरई लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक अपने पीछे पत्नी संजू देवी, तीन पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। परिवार की बड़ी बेटी का विवाह 21 जून को होना है। जिस पिता के कंधों पर बेटी की शादी की सारी जिम्मेदारियां थीं, उसी की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

पिता की असमय मृत्यु से बेटी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में शादी की तैयारियां और खुशियों का माहौल था, वहां अब शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

ग्रामीणों ने बताया कि राजेंद्र सिंह परिवार के एकमात्र सहारा थे और घर की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a comment