उरई। भीषण गर्मी के मद्देनजर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन, नलकूप संचालन एवं पेयजल व्यवस्था की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को गर्मी के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहनी चाहिए।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय सीमा के भीतर बदलना सुनिश्चित किया जाए तथा विद्युत संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था विकसित की जाए।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
नलकूपों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि खराब पड़े सरकारी नलकूपों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें संचालित कराया जाए। साथ ही पेयजल योजनाओं के सुचारु संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि किसी भी ग्रामीण अथवा शहरी क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां पेयजल आपूर्ति में समस्या की आशंका हो, वहां वैकल्पिक जलापूर्ति की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल और विद्युत आपूर्ति से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा जनसमस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश भी दिए गए।



Leave a comment