बिना पंजीकरण संचालित अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्रों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम

उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में बिना पंजीकरण संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों एवं पैथोलॉजी केंद्रों के विरुद्ध चल रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें नियमित रूप से निरीक्षण कर ऐसे अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी केंद्रों की पहचान करें जो निर्धारित मानकों एवं वैध पंजीकरण के बिना संचालित हो रहे हैं। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर तत्काल सीलिंग की कार्रवाई करते हुए संबंधित संचालकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि मरीजों के जीवन और स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में संचालित सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों का सत्यापन किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वे शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है, इसलिए इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

Leave a comment