मुहर्रम की तैयारियों और नशा रोकथाम अभियान की डीएम-एसपी ने की समीक्षा

उरई। आगामी मुहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुहर्रम की तैयारियों, शांति समिति बैठकों तथा एन-कॉर्ड (NCORD) के अंतर्गत मादक पदार्थों की रोकथाम संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में ताजिया मार्गों की स्थिति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता एवं सुरक्षा प्रबंधों का विस्तृत परीक्षण किया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।

शांति समिति बैठकों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से बैठकें आयोजित कर धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय और संवाद के माध्यम से त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है।

बैठक में एन-कॉर्ड के तहत नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए तथा युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएं।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द कायम रखने और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

Leave a comment