जालौन। कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम ततारपुर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय किशोर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ततारपुर निवासी रौनक (13) पुत्र देवेंद्र कुमार गांव के तालाब के पास घूमने गया था। इसी दौरान वह तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गया और पानी में डूब गया। काफी देर तक उसके घर न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों को उसकी तलाश शुरू करनी पड़ी।
कुछ समय बाद ग्रामीणों को तालाब में डूबने की आशंका हुई, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों और परिजनों ने काफी प्रयास के बाद किशोर को तालाब से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जालौन ले गए।
अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद रौनक को मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने इसे अत्यंत दुखद हादसा बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मृतक की असमय मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं।




Leave a comment