
उरई। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के कार्यदेशक कमलेश चतुर्वेदी के सेवानिवृत्त होने पर संस्थान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, पत्रकारों और विभिन्न क्षेत्रों की गणमान्य हस्तियों ने भाग लेकर उनके लंबे सेवाकाल और योगदान को याद किया।
समारोह में कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, पत्रकार के.पी. सिंह, आईटीआई के प्रधानाचार्य मान सिंह भारती, जीआईसी के पूर्व प्रधानाचार्य आलोक शांडिल्य, वेत्रवती इंटर कॉलेज कोटरा के प्रबंधक उमा वल्लभ शांडिल्य, महोबा से आए वरिष्ठ ग्रामीण पत्रकार राकेश पटैरिया तथा वीरेंद्र चतुर्वेदी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक रामराजा त्रिपाठी ने किया।
वक्ताओं ने कमलेश चतुर्वेदी की कार्यनिष्ठा, अनुशासन और सहयोगी स्वभाव की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल में छात्रों, सहकर्मियों और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच एक अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि श्री चतुर्वेदी ने केवल एक शिक्षक और कार्यदेशक के रूप में ही नहीं, बल्कि पत्रकार और जनप्रतिनिधि की भूमिका में भी उल्लेखनीय कार्य किए।
अतिथियों ने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन की एक पारी का समापन है, लेकिन सामाजिक जीवन में सक्रिय योगदान की नई संभावनाओं की शुरुआत भी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री चतुर्वेदी भविष्य में भी अपनी ऊर्जा और अनुभव का उपयोग समाजहित के कार्यों में करेंगे।
अपने संबोधन में कमलेश चतुर्वेदी ने जीवन के विभिन्न पड़ावों पर मिले सहयोग और स्नेह के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से संस्थान के प्रधानाचार्य और सहकर्मियों द्वारा आयोजित विदाई समारोह को भावनात्मक बताते हुए कहा कि उनके द्वारा दिए गए सम्मान और प्रेम को वह जीवन भर याद रखेंगे।
समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने उन्हें स्वस्थ, सक्रिय और सुखद भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।





Leave a comment