उरई/कदौरा। ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के बाद मंगलवार को महंत भगवत विशाल इंटर कॉलेज, कदौरा में कक्षा 1 से 8 तक की शिक्षण गतिविधियां पुनः शुरू हो गईं। नए शैक्षणिक सत्र के प्रथम दिन विद्यालय में पहुंचे छात्र-छात्राओं का शिक्षकों ने रोली-चंदन का तिलक लगाकर, पुष्प भेंट कर एवं पुष्पवर्षा कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। प्रथम दिवस के अवसर पर बच्चों को फल, मिष्ठान और चॉकलेट वितरित कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
विद्यालय प्रशासन ने शासन एवं शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुरूप परिसर की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया। प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने विद्यालय प्रांगण, कार्यालय, शिक्षक कक्ष और प्रार्थना स्थल की साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण में शिक्षण कार्य प्रारंभ कराया।
प्रधानाचार्य विकास कुमार सिंह ने बताया कि ग्रीष्मावकाश के बाद पहले ही दिन विद्यालय में लगभग 25 नए प्रवेश हुए हैं, जो विद्यालय के प्रति अभिभावकों के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय परिवार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर कार्यालय अधीक्षक अनीश वेग, मनीष कुमार गुप्ता, अंजली गुप्ता, जगदीश प्रसाद, कैलाश कुमार, सेवा प्रसाद, गया प्रसाद सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





Leave a comment