एससी-एसटी टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने नवागत बीएसए का किया स्वागत, शिक्षक समस्याओं पर हुई चर्चा

उरई। एससी-एसटी टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष सुंदर सिंह शास्त्री ‘सुगत’ के मार्गदर्शन में जनपद जालौन इकाई के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी से शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

जिलाध्यक्ष भगवती शरण रजक, जिला महामंत्री मानवेंद्र सिंह चौधरी एवं जिला कोषाध्यक्ष मनोज कुमार दोहरे के संयोजन में आयोजित इस मुलाकात में मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह दोहरे तथा प्रांतीय सदस्य मिस्टर सिंह भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भारतीय संविधान की प्रति एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

इस दौरान शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं एवं उनके त्वरित समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष सुंदर सिंह शास्त्री ने कहा कि जनपद में किसी भी शिक्षक के साथ जातिगत भेदभाव के आधार पर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विद्यालयों में छात्र नामांकन बढ़ाने के लिए अधिकारियों और शिक्षकों के संयुक्त प्रयासों पर जोर देते हुए गांवों में शिक्षा चौपाल आयोजित करने का सुझाव दिया। साथ ही जर्जर एवं ध्वस्त विद्यालय भवनों के शीघ्र पुनर्निर्माण की मांग भी उठाई।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी ने शिक्षक प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों से अभिभावकों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने, विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने तथा छात्र-छात्राओं को रुचिपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

कार्यक्रम में लगभग पचास शिक्षक एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से पुनीत भारती, विकास कुमार सिंह, प्रवेंद्र पाल सिंह, बृजेश गौतम, के.के. शिरोमणि, अखिलेश कुमार अहिरवार, रमाकांत शाक्यवार, गोमती देवी, चंद्रशेखर, दिनेश कुमार, देवेंद्र सिंह, वीरेंद्र त्यागी, अमित गौतम, वीरेंद्र बौद्ध, सुनील कुमार, शैलेंद्र कुमार, विनय कुमार, दीपक सिंह, नरेश कुमार, नवीन कुमार सहित अनेक शिक्षक मौजूद रहे।

शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a comment