उरई। नगर पालिका परिषद के एक सफाईकर्मी के साथ मारपीट की घटना से नाराज सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को कोतवाली के बाहर प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। कर्मचारियों ने कूड़ा ढोने वाली गाड़ियों को सड़क पर खड़ा कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 13 में नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारी संतोष के साथ मोहल्ले के कुछ युवकों द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई। घटना से आक्रोशित सफाई कर्मचारी एकत्र होकर कोतवाली पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने आरोपी युवकों की गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और जाम की स्थिति बन गई।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया तथा आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
मुकदमा दर्ज होने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था पुनः सामान्य हो सकी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




Leave a comment