लखनऊ/उरई। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश संगठन में व्यापक फेरबदल करते हुए प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों तथा विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की नई टीम की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष के अनुमोदन और राष्ट्रीय नेतृत्व से विचार-विमर्श के बाद जारी सूची में जालौन जनपद को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। उरई निवासी भाजपा नेता अनिल यादव को प्रदेश मंत्री नियुक्त किया गया है, जिससे जिले के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

प्रदेश संगठन की नई संरचना में कई वरिष्ठ नेताओं को उपाध्यक्ष और महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि प्रदेश मंत्री पद पर भी नए चेहरों को अवसर दिया गया है। अनिल यादव का प्रदेश मंत्री बनाया जाना बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वहीं भाजपा ने क्षेत्रीय संगठन में भी बदलाव करते हुए झांसी के राम किशोर साहू को नया क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनके नेतृत्व में बुंदेलखंड क्षेत्र में संगठन को और मजबूत करने की रणनीति पर काम किया जाएगा।

निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी देते हुए भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। संगठन में लंबे समय से सक्रिय प्रकाश पाल को पिछड़े वर्गों के बीच पार्टी के विस्तार और संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नई प्रदेश कार्यसमिति में सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, मोहित बेनीवाल, देवेश कोरी, प्रियंका रावत, दुर्विजय शाक्य, रमेश सिंह, नीरज सिंह, अर्चना मिश्रा, पूजा पाल, शंकर गिरी, कामेश्वर सिंह, डॉ. कृतिका अग्रवाल, सुरेश मौर्य, राजेश यादव, कृष्ण बिहारी राय और आलोक गुप्ता को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।

महामंत्री पद पर रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी को जिम्मेदारी दी गई है।

प्रदेश मंत्री पद पर विजय शिवहरे, बसंत त्यागी, शिवभूषण सिंह, सहजानंद राय, अंकुर शर्मा, अनिल यादव, अवधेश श्रीवास्तव, विजय राजभर, प्रमेन्द्र जांगड़ा विश्वकर्मा, किरण लोधी निषाद, राकेश बिंद, संचिता सिंह चौहान, रजनी पांडेय, राहुल वाल्मीकि, महामेधा नागर, दीपमाला संतोषी, सुहासिनी जायसवाल, यतेंद्र शर्मा तथा आकांक्षा सोनकर को शामिल किया गया है।

मोर्चा संगठनों में रोहित मिश्रा को युवा मोर्चा, प्रकाश पाल को पिछड़ा वर्ग मोर्चा, देवेंद्र सिंह को किसान मोर्चा, अशोक रावत को अनुसूचित जाति मोर्चा, सरोज कुशवाह को महिला मोर्चा तथा विद्याभूषण गोंड को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने का प्रयास किया है। नई टीम के गठन से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने की रणनीति स्पष्ट दिखाई दे रही है।

Leave a comment