उरई। उरई कोतवाली में तैनात एक सिपाही और महिला कांस्टेबल से जुड़ा मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिपाही अरविंद पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि संबंधित महिला कांस्टेबल की भूमिका की जांच शुरू कर दी गई है।

बताया जाता है कि बुधवार रात उरई कोतवाली के कंट्रोल रूम में ड्यूटी के दौरान हुई एक घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वायरल वीडियो में एक महिला कांस्टेबल कंट्रोल रूम में मौजूद सिपाही अरविंद पटेल के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करती दिखाई दे रही है।

सूत्रों के अनुसार अरविंद पटेल वर्ष 2018 बैच के सिपाही हैं और वर्तमान में उरई कोतवाली में मुंशी के पद पर कार्यरत हैं। घटना के समय वह कंट्रोल रूम में कंप्यूटर पर कार्यालयीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला कांस्टेबल वहां पहुंची और दोनों के बीच हुई बातचीत तथा व्यवहार सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।

मामले की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता मानते हुए सिपाही अरविंद पटेल को निलंबित कर दिया। साथ ही महिला कांस्टेबल की भूमिका की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विभागीय अनुशासन सर्वोपरि है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर जारी है।

Leave a comment