वाराणसी, 08 जुलाई। प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किए जाने पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश (प्राथमिक संवर्ग) ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे शिक्षकों के हित में ऐतिहासिक और बहुप्रतीक्षित निर्णय बताया है।

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने कहा कि संगठन लंबे समय से शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाता रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा इस मांग को स्वीकार कर योजना लागू किए जाने से प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षक एवं उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण और समय पर चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा।

उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश के समस्त शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों तथा अन्य पात्र कार्मिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षा परिवार के सामाजिक और स्वास्थ्य सुरक्षा कवच को और मजबूत करेगी।

महासंघ के प्रदेश महामंत्री प्रदीप तिवारी तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजेश श्रीवास्तव सहित संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय शिक्षकों के कल्याण और सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस योजना से प्रदेश के लाखों शिक्षाकर्मियों और उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

Leave a comment

Recent posts