उरई। जनपद के ग्राम विरासनी में एक मकान की जीने (सीढ़ी) की स्लोप अचानक भरभराकर गिर जाने से तीन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी हेमंत पटेल तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेने के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव प्रशासनिक सहायता का भरोसा दिलाया।
उप जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में प्रिया पुत्री अनिल कुमार (6 वर्ष) के सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई से बेहतर इलाज के लिए झांसी रेफर कर दिया गया है।
वहीं जिया पत्नी अनिल कुमार (28 वर्ष) तथा सरस्वती पत्नी शिवम कुमार (30 वर्ष) को सामान्य चोटें आई हैं। दोनों घायलों का उपचार राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में चल रहा है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य एवं स्थिर है।
मौके पर पहुंचे एसडीएम हेमंत पटेल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने पीड़ित परिजनों को आश्वस्त किया कि शासन के प्रावधानों के अनुसार दैवीय आपदा मद से अनुमन्य आर्थिक सहायता प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि घटना पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई जारी है। साथ ही घटना के कारणों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।






Leave a comment