उरई। बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी ने झांसी रोड स्थित ब्रज कुँवर देवी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया, उनसे विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न पूछकर उनके ज्ञान का आकलन किया तथा विद्यालय में संचालित शिक्षण की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने विद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर अजय इटौरिया के नेतृत्व में संचालित शैक्षणिक व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय का प्रयास सराहनीय है।
इसके बाद उन्होंने विद्यालय की बसों का भी गहन निरीक्षण किया। बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की तथा चालक और परिचालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और परिवहन संबंधी सभी मानकों का नियमित पालन सुनिश्चित किया जाए।
बीएसए ने विद्यालय की अग्निशमन (फायर सेफ्टी) व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रशासन द्वारा फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग का प्रदर्शन किया गया तथा विद्यालय परिसर और बसों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग प्रणाली की जानकारी भी दी गई। व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के बाद उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रशासन को सभी सुरक्षा प्रबंधों को निरंतर सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर अजय इटौरिया सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र सुरक्षा और आपदा प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर विद्यालय की तैयारियों की सराहना की गई।







Leave a comment