उरई। उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का विकास खंड रामपुरा आगमन पर भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह के नेतृत्व में माँ काली फिलिंग स्टेशन पर सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पमालाएं पहनाकर तथा पुष्पवर्षा कर मंत्री का अभिनंदन किया।
इसके बाद जलशक्ति मंत्री ने विकास खंड रामपुरा परिसर में आयोजित बृहद वृक्षारोपण अभियान-2026 के अंतर्गत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में पौधरोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को दोहराते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि “एक पौधा केवल पेड़ नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव है।” उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक वृक्षारोपण को जन-आंदोलन का रूप दे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय परिवर्तन संभव है।
विकास खंड परिसर का अवलोकन करने के बाद उन्होंने उसकी स्वच्छता, हरियाली और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि “रामपुरा विकास खंड आज जिले का सबसे सुंदर विकास खंड बन चुका है। यहां स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और बेहतर व्यवस्थाएं यह दर्शाती हैं कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने मिलकर उत्कृष्ट कार्य किया है।” उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल अन्य विकास खंडों के लिए भी प्रेरणादायी है।
कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह ने जलशक्ति मंत्री को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन, जलशक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, खंड विकास अधिकारी प्रशांत यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।






Leave a comment