मुख्यमंत्री बोले— बीहड़ नहीं, विकास और विरासत की नई पहचान बन रहा है जालौन

उरई, 25 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जालौन के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा में जनपद को ₹1273.96 करोड़ की लागत वाली 374 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 216 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 158 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी बीहड़, सूखा और पलायन के लिए पहचाना जाने वाला बुंदेलखंड आज विकास, विरासत और निवेश का नया केंद्र बन चुका है तथा जालौन इस परिवर्तन का महत्वपूर्ण भागीदार है।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास योजनाओं की प्रदर्शनी एवं स्टॉलों के अवलोकन से की। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, आयुष्मान भारत योजना तथा कृषि एवं पशुपालन विभाग सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, आवास की चाबियां, ऋण स्वीकृति पत्र, सोलर रूफटॉप स्वीकृति, कृषि यंत्र, आयुष्मान गोल्डन कार्ड एवं अन्य सहायता सामग्री वितरित की।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के खातों में ₹13.14 करोड़ की सीसीएल, आरएफ एवं सीआईएफ धनराशि हस्तांतरित कर महिला सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार को नई मजबूती प्रदान की।

सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल परियोजनाओं को मिली गति

मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया उनमें उरई तहसील का नवीन भवन, पुलिस लाइन में आवासीय भवन, मेडिकल कॉलेज में 50 शैय्या क्रिटिकल केयर यूनिट, कालपी नगर की पेयजल योजना, ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर, राठ-कालपी-मदारीपुर मार्ग का सुदृढ़ीकरण, उरई-इटौरा मार्ग का चौड़ीकरण, धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले मार्गों का विकास, कालपी अग्निशमन केंद्र, एनआईसी भवन, हाईटेक नर्सरी तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

जालौन की विरासत और ओडीओपी का किया उल्लेख

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जालौन की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को नमन किया। उन्होंने जालौन माता मंदिर, बैरागढ़ स्थित मां शारदा मंदिर, महर्षि वेदव्यास की जन्मभूमि और ऋषि जलवान की तपोभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि वीरता, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की प्रतीक रही है।

उन्होंने कहा कि कालपी का हस्तनिर्मित कागज और विश्व प्रसिद्ध मटर ओडीओपी योजना के माध्यम से वैश्विक पहचान बना रहे हैं। कालपी के हैंडमेड पेपर को जीआई टैग मिलने के बाद उसका निर्यात ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, अमेरिका, जर्मनी और जापान सहित अनेक देशों में हो रहा है।

बुंदेलखंड बना विकास का नया मॉडल

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से बुंदेलखंड अब बीहड़ और दस्यु गतिविधियों की पहचान से निकलकर विकास का नया मॉडल बन गया है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक कॉरिडोर, ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर, सौर ऊर्जा परियोजनाओं तथा सिंचाई योजनाओं ने पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है।

उन्होंने कहा कि देश का पहला सोलर एक्सप्रेस-वे बुंदेलखंड में विकसित हो रहा है, जिससे लगभग एक लाख घरों को स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा। साथ ही प्रस्तावित इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग एवं लॉजिस्टिक कॉरिडोर, फ्यूचर रेडी इंडस्ट्रियल टाउनशिप और डाटा सेंटर क्लस्टर के माध्यम से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा और पलायन पर प्रभावी रोक लगेगी।

कानून व्यवस्था पर सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। माफिया, संगठित अपराध और नकल माफिया के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के लिए अब “जेल या जहन्नुम” ही विकल्प बचा है। नकल माफिया के खिलाफ कठोर कानून लागू किए जा रहे हैं, जिनमें दोषियों के लिए 10 वर्ष तक की सजा और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड को डकैतों और अपराधियों के भय से मुक्त कर विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया है तथा प्रदेश में संगठित अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

प्रधानमंत्री की योजनाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों तक पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हुई है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर जालौन, आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की मजबूत आधारशिला बनेगा और विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन एवं बाबूलाल तिवारी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर शाहू, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a comment